Latest Hindi Banking jobs   »   आईबीपीएस आरआरबी परीक्षा 2019 : हिंदी...

आईबीपीएस आरआरबी परीक्षा 2019 : हिंदी भाषा के स्टडी नोट्स

आईबीपीएस आरआरबी परीक्षा 2019 : हिंदी भाषा के स्टडी नोट्स | Latest Hindi Banking jobs_3.1

आप सभी जानते हैं कि आईबीपीएस आरआरबी  परीक्षा 2019 की अधिसूचना जारी की जा चुकी है. परीक्षा के पाठ्यक्रम के आधार पर आपकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए ADDA247 आपके लिए हिंदी भाषा के स्टडी नोट्स लेकर आया है. ये नोट्स मुख्य परीक्षा आने तक आपको पहले से ही तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे. अपने साथियों के लिए हम हिंदी प्रश्नोत्तरी का आयोजन पहले से कर ही रहे हैं. सभी जानते हैं कि बैंकिंग परिक्षाओं में केवल आरआरबी ही एकमात्र ऐसी परीक्षा है , जो आपको अपनी भाषा का चयन का विकल्प देता है जिसमें आप अंग्रेजी के स्थान  पर हिंदी भाषा चुन सकते हैं. यह हिंदी भाषा क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए सफलता पाने का एक सुनहरा मौक़ा है, क्योंकि हम अपनी भाषा में अधिक से अधिक अंक स्कोर करने में सक्षम होते हैं. यदि आपका लक्ष्य इस वर्ष आईबीपीएस आरआरबी में सफलता पाना है, तो अभी से मेंस की तैयारी में जुट जाएँ. अपनी तैयारी को और बेहतर बनाते हुए अपनी सफलता सुनिश्चित कीजिये…

वाक्य में अशुद्धि या त्रुटी से संबंधित प्रश्न         

किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में हिंदी भाषा खंड में ‘वाक्य में अशुद्धि या त्रुटी’ से संबंधित प्रश्न अवश्य पूछे जाते हैं विशेषकर आईबीपीएस आरआरबी की पीओ और क्लर्क परीक्षा में इन प्रश्नों की अधिकता होती है इसलिए ‘वाक्य में अशुद्धि’ से संबंधित प्रश्नों का अध्ययन एवं अभ्यास करना आवश्यक हो जाता है लेकिन अक्सर देखा गया है कि विद्यार्थी इन प्रश्नों का अभ्यास करने से बचते हैं उन्हें लगता है कि ये प्रश्न तो बहुत सरल होते हैं और इस कारण परीक्षा में अत्यधिक आत्मविश्वास में आकर गलत उत्तर का चयन करते हैं। 
इस लेख में हम आपको ‘वाक्य में अशुद्धि’ से संबंधित प्रश्नों को हल करने के लिए महत्वपूर्ण बिन्दुओं से अवगत करवाएगें जिससे आप निश्चित रूप से इस प्रकार के प्रश्नों को हल कर सकते हैं आपको केवल ध्यानपूर्वक इन बिन्दुओं का अध्ययन करके अभ्यास करना है। इस लेख के अंत में आपको इन प्रश्नों से संबंधित 15 प्रश्न भी दिए गए हैं ताकि आप इन प्रश्नों का अभ्यास कर परीक्षा में इस भाग से अधिकतम अंक प्राप्त कर सकें। 
निम्नलिखित बिन्दुओं को ध्यान में रख कर आप ‘वाक्य में अशुद्धि’ से संबंधित प्रश्नों सरलतापूर्वक हल कर सकते हैं।
1. वर्तनी से सम्बंधित अशुद्धियाँ :  वाक्य में अशुद्धि, वर्तनी का अशुद्ध प्रयोग होने से भी वाक्य अशुद्ध हो जाता है इसलिए शब्दों की वर्तनी पर भी ध्यान देना चाहिए। शब्द–संरचना तथा वाक्य प्रयोग में वर्तनीगत अशुद्धियों के कारण भाषा दोषपूर्ण हो जाती है। उदाहरण के लिए ‘मैंने ग्रहकार्य नहीं किया।‘ यह वाक्य अशुद्ध है इसका शुद्ध रूप है – ‘मैंने गृहकार्य नहीं किया।‘
अशुद्ध शुद्ध  
रात्री       रात्रि
प्राप्ती   – प्राप्ति
सामर्थ   –       सामर्थ्य
ईर्षा – ईर्ष्या
पुन्य – पुण्य
कृतघ्नी – कृतघ्न
बनिता – वनिता
निरिक्षण –      निरीक्षण
पती – पति
आक्रष्ट – आकृष्ट
मष्तिस्क –      मस्तिष्क
निसार – निःसार
सन्मान – सम्मान
हिन्दु – हिन्दू
गुरू – गुरु
दान्त – दाँत
प्रथक – पृथक्
परिक्षा – परीक्षा
परीवार –        परिवार
परीचय –      परिचय
सौन्दर्यता – सौन्दर्य
अज्ञानता – अज्ञान
गरीमा – गरिमा
समाधी – समाधि
बूड़ा – बूढ़ा
पूज्यनीय – पूजनीय
पत्नि – पत्नी
अतीशय – अतिशय 
2. लिंग सम्बन्धी अशुद्धियाँ : हिन्दी भाषा में में लिंग का सही प्रयोग आवश्यकता होता है अन्यथा वाक्य अशुद्ध हो सकता है। इस दृष्टि से निम्न बातोँ का ध्यान रखना चाहिए—
(क) विशेषण शब्दों का लिंग सदैव विशेष्य के समान होता है।
(ख) दिनों, महीनों, ग्रहों, पहाड़ों, आदि के नाम पुल्लिंग में प्रयुक्त होते हैं, किन्तु तिथियों, भाषाओं और नदियों के नाम स्त्रीलिंग में प्रयोग किये जाते हैं।
(ग) प्राणिवाचक शब्दों का लिंग अर्थ के अनुसार तथा अप्राणिवाचक शब्दों का लिंग व्यवहार के अनुसार होता है।
(घ) अनेक तत्सम शब्द हिन्दी में स्त्रीलिंग में प्रयुक्त होते हैं। 
– उदाहरण के लिए –
• आपने बड़ी अनुग्रह की। (शुद्ध रूप – आपने बड़ा अनुग्रह किया।) 
• मेरा कमीज उतार लाओ। (शुद्ध रूप -मेरी कमीज उतार लाओ।) 
• लड़के और लड़कियाँ चिल्ला रहे हैं। (शुद्ध रूप – लड़के और लडकियाँ चिल्ला रही हैं।) 
• महादेवी विदुषी कवि हैं। (शुद्ध रूप- महादेवी विदुषी कवयित्री हैं।) 
• आत्मा अमर होता है। (शुद्ध रूप – आत्मा अमर होती है।) 
• उसने एक हाथी जाती हुई देखी। (शुद्ध रूप – उसने एक हाथी जाता हुआ देखा।) 
• विद्वान स्त्री (शुद्ध रूप – विदुषी स्त्री)
• आग का लपट (शुद्ध रूप – आग की लपट)
• गंगा का धारा (शुद्ध रूप – गंगा की धारा)   
3 . वचन सम्बन्धी अशुद्धियाँ : 
(क) हिन्दी में बहुत से शब्दों का प्रयोग सदैव बहुवचन में होता है, ऐसे शब्द हैं—हस्ताक्षर, प्राण, दर्शन, आँसू, होश आदि।
(ख) वाक्य में ‘या’, ‘अथवा’ का प्रयोग करने पर क्रिया एकवचन में होती है। लेकिन ‘और’ , ‘एवं’ , ‘तथा’ का प्रयोग करने पर क्रिया बहुवचन में होती है।
(ग) आदरसूचक शब्दों का प्रयोग सदैव बहुवचन में होता है।
उदाहरणार्थ—
1. दो चादर खरीद लाया। (शुद्ध रूप -दो चादरें खरीद लाया।)
2. एक चटाइयाँ बिछा दो। (शुद्ध रूप – एक चटाई बिछा दो।)   
3. मेरा प्राण संकट में है। (शुद्ध रूप- मेरे प्राण संकट में हैं।)  
4. आज मैंने महात्मा का दर्शन किया। (शुद्ध रूप – आज मैंने महात्मा के दर्शन किये।) 
5. आज मेरा मामा आये। (शुद्ध रूप – आज मेरे मामा आये।)
6. यह हस्ताक्षर किसका है? (शुद्ध रूप – ये हस्ताक्षर किसके हैं)
7. विनोद, रमेश और रहीम पढ़ रहा है। (शुद्ध रूप – विनोद, रमेश और मंसूर पढ़ रहे हैं।)  
4. विभक्ति-संबंधी अशुद्धियाँ : 
1. मैं यह काम नहीं किया हूँ। (शुद्ध रूप – मैंने यह काम नहीं किया है।)
2. मैं पुस्तक को पढ़ता हूँ। (शुद्ध रूप – मैं पुस्तक पढ़ता हूँ।)
3. हमने इस विषय को विचार किया। (शुद्ध रूप – हमने इस विषय पर विचार किया)
4. आठ बजने को दस मिनट है। (शुद्ध रूप – आठ बजने में दस मिनट हैं।)
5. वह देर में सोकर उठता है। (शुद्ध रूप – वह देर से सोकर उठता है।)

5. संज्ञा संबंधी अशुद्धियाँ : 
1. मैं रविवार के दिन तुम्हारे घर आऊँगा।       (शुद्ध रूप – मैं रविवार को तुम्हारे घर आऊँगा। )
2. कुत्ता रेंकता है।        (शुद्ध रूप – कुत्ता भौंकता है।)
3. मुझे सफल होने की निराशा है। (शुद्ध रूप – मुझे सफल होने की आशा नहीं है।)
4. गले में ग़ुलामी की बेड़ियाँ पड़ गई। (शुद्ध रूप – पैरों में ग़ुलामी की बेड़ियाँ पड़ गई।)
6. सर्वनाम की अशुद्धियाँ : 
1. गीता आई और कहा। (शुद्ध रूप – गीता आई और उसने कहा।)
2. मैंने तेरे को कितना समझाया। (शुद्ध रूप – मैंने तुझे कितना समझाया।)
3. वह क्या जाने कि मैं कैसे जीवित हूँ। (शुद्ध रूप – वह क्या जाने कि मैं कैसे जी रहा हूँ।)
7. विशेषण-संबंधी अशुद्धियाँ :  
1. किसी और लड़के को बुलाओ।                      (शुद्ध रूप –  किसी दूसरे लड़के को बुलाओ।)
2. सिंह बड़ा बीभत्स होता है। (शुद्ध रूप –  सिंह बड़ा भयानक होता है।)
3. उसे भारी दु:ख हुआ। (शुद्ध रूप –  उसे बहुत दु:ख हुआ।)
4. सब लोग अपना काम करो।    (शुद्ध रूप – सब लोग अपना-अपना काम करो।)
8. क्रिया-संबंधी अशुद्धियाँ :
1. क्या यह संभव हो सकता है? (शुद्ध रूप – क्या यह संभव है?)
2. मैं दर्शन देने आया था। (शुद्ध रूप – मैं दर्शन करने आया था।)
3. वह पढ़ना माँगता है। (शुद्ध रूप – वह पढ़ना चाहता है।)
4. बस तुम इतने रूठ उठे बस (शुद्ध रूप – तुम इतने में रूठ गए।)
9. मुहावरे-संबंधी अशुद्धियाँ :
1. वह श्याम पर बरस गया। (शुद्ध रूप – वह श्याम पर बरस पड़ा।)
2. उसकी अक्ल चक्कर खा गई। (शुद्ध रूप – उसकी अक्ल चकरा गई।)
3. उस पर घड़ों पानी गिर गया। (शुद्ध रूप – उस पर घड़ों पानी पड़ गया।)
4. युग की माँग का यह बीड़ा कौन चबाता है।(शुद्ध रूप – युग की माँग का यह बीड़ा कौन उठाता है।)

10.क्रिया-विशेषण-संबंधी अशुद्धियाँ :     
1. वह लगभग दौड़ रहा था। (शुद्ध रूप – वह दौड़ रहा था।)           
2. सारी रात भर मैं जागता रहा। (शुद्ध रूप – मैं सारी रात जागता रहा।)  
3. तुम बड़ा आगे बढ़ गया। (शुद्ध रूप – तुम बहुत आगे बढ़ गए।)
4. इस पर्वतीय क्षेत्र में सर्वस्व शांति है। (शुद्ध रूप – इस पर्वतीय क्षेत्र में सर्वत्र शांति है।)             
          
उपर्युक्त बिन्दुओं को ध्यानपूर्वक पढ़ने के बाद वाक्य में अशुद्धि या त्रुटी से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देने में आसानी होगी, इन्हें पढ़ने से विद्यार्थी द्वारा इस प्रकार के प्रश्नों के उत्तर देने के लिए एक समझ विकसित होगी। नीचे इस प्रकार के कुछ प्रश्न दिए हैं आप इनका अभ्यास जरुर करें क्योंकि अभ्यास से ही हर कार्य सिद्ध होता है।                                          
निर्देश (1 -15) नीचे दिया गया प्रत्येक वाक्य चार भागों में बांटा गया है जिन्हें (a), (b), (c), (d) विकल्प दिए गए हैं। आपको यह देखना है कि वाक्य के किसी भाग में व्याकरण, भाषा, वर्तनी, शब्दों के गलत प्रयोग या इसी तरह की कोई त्रुटी तो नहीं है। त्रुटी अगर होगी तो वाक्य के किसी एक भाग में ही होगी। उस भाग का क्रमांक ही उत्तर है। यदि वाक्य त्रुटी  रहित है तो उत्तर (e) अर्थात ‘त्रुटीरहित’ दीजिए।   

प्रश्न1.भारत में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में (a)/ केंद्र सरकार ने एक योजना कि  (b)/शुरुआत की जिसका नाम (c)/ सुकन्या समृद्धि योजना है। (d)/ त्रुटीरहित (e)
प्रश्न2. भारत आर्थिक विकास के जिस (a)/ रास्ते पर चल रही है (b)/ उसने एक अमीर और गरीब (c)/ के बीच खाई और बढ़ा दी है। (d)/ त्रुटीरहित (e)    
प्रश्न3. पर्यावरण के जैविक संघटकों में (a) / सूक्ष्म जीवाणु से लेकर कीड़े-मकोड़े, (b)/ सभी जीव-जंतु और पेड़-पौधों के अलावा उनसे जुड़ी (c)/ सारी जैव क्रियाएं और प्रक्रियाएं भी सामिल हैं। (d)/  त्रुटीरहित (e) 
प्रश्न4. स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक (a)/ सुभाषचंद्र बोस का जन्म कटक से (b)/ प्रसिद्ध वकील जानकीनाथ तथा (c)/ प्रभावतीदेवी के यहां हुआ।  (d)/ त्रुटीरहित (e) 
प्रश्न 5. कुतुब मीनार एक भारतीय ऐतिहासिक स्मारक है, (a)/ जो भारत के अन्य ऐतिहासिक स्मारकों (b)/ के बीच एक विमुख आकर्षण(c)/ के रूप में अकेला खड़ा है। (d)/ त्रुटीरहित (e) 
प्रश्न6. जो लोग गिरगिट जैसा रंग परिवर्तित करते हैं (a)/ आप चाहते हैं कि मैं उन पर (b)/ भरोसा करके  (c)/ धोखा खाऊँ (d)/  त्रुटीरहित (e)
प्रश्न7. यदि हमें धरती पर अपना  अस्तित्व (a)/ बनाए रखना है, (b)/ तो पर्यावरण से मित्रता रखनी होगी (c)/ यह असंग्दिग्धपूर्ण सत्य है। (d)/ त्रुटीरहित (e)
प्रश्न8. इस मुहल्ले का सबसे ऊँचा दिखाई (a)/ देने वाला यह घर (b)/ मैं और मेरे भाइयों की (c)/ साँझी संपत्ति है। (d)/ त्रुटीरहित (e) 
प्रश्न9. आपकी अधिकांश बातें ठीक हैं, (a)/ परन्तु सब लोग (b)/ उन्हें यथावत्  (c)/ स्वीकार कर लेंगें, इसमें सन्देह है। (d)/  त्रुटीरहित (e)
प्रश्न10. स्वतंत्रता-संग्राम में प्राण गवाने वाले (a)/ वीरों के सम्मान में सरकार ने  (b)/ एक दिन के सार्वजानिक  (c)/ अवकाश की घोषणा की है। (d)/  त्रुटीरहित (e)
प्रश्न11. मैं आज सुबह (a)/ आपके घर गया था (b)/ किन्तु तुम घर (c)/ पर नहीं मिले। (d)/ त्रुटीरहित (e)
प्रश्न12.राजा ने मंत्री को आज्ञा दी (a)/ कि वह राज्यकीय कोष से (b)/ बहुत-सा धन लाकर (c)/ उस किसान को दे दे। (d)/ त्रुटीरहित (e) 
प्रश्न13.किसी वस्तु का आयतन (a)/ निकालने के लिए (b)/ उसकी लम्बाई, चौड़ाई और मोटाई का (c)/ आपस में गुणा कर देना चाहिए (d)/ त्रुटीरहित (e)
प्रश्न14. सीता राम के साथ (a)/ चलती-चलती (b)/ बहुत अधिक (c) थक गयी। (d)/ त्रुटीरहित (e) 
प्रश्न15. आयकर विभाग के डर से (a)/ उसने बैंक में (b)/ अपने पुराने खाते का (c)/ बन्द करा दिया है। (d) त्रुटीरहित (e)
उत्तर 

उत्तर1. (b): यहाँ ‘केंद्र सरकार ने एक योजना कि’ के स्थान पर ‘केंद्र सरकार ने एक योजना की’ का प्रयोग उचित है क्योंकि वाक्य में योजना शब्द के बाद ‘की’ का प्रयोग होगा।   
उत्तर2 .(b) :  यहाँ ‘रास्ते पर चल रही है’ के स्थान पर ‘रास्ते पर चल रहा है’ का प्रयोग उचित है।
उत्तर3.(d) :यहाँ ‘सारी जैव क्रियाएं और प्रक्रियाएं भी सामिल हैं‘ के स्थान पर ‘सारी जैव क्रियाएं और प्रक्रियाएं भी शामिल हैं’ का प्रयोग उचित है। 
उत्तर 4. (b): यहाँ ‘सुभाषचंद्र बोस का जन्म कटक से’ के स्थान पर ‘सुभाषचंद्र बोस का जन्म कटक के’ का प्रयोग उचित है।
उत्तर5. (c):  यहाँ ‘के बीच एक विमुख आकर्षण’ के स्थान पर ‘के बीच एक प्रमुख आकर्षण’ का प्रयोग उचित है।   
उत्तर 6 . (a) : यहाँ ‘जो लोग गिरगिट जैसा रंग परिवर्तित करते हैं’ के स्थान पर ‘जो लोग गिरगिट की तरह रंग परिवर्तित करते हैं’ का प्रयोग उचित है। 
उत्तर 7. (d): यहाँ ‘यह असंग्दिग्धपूर्ण सत्य है’ के स्थान पर ‘यह असंदिग्ध सत्य है’ का प्रयोग उचित है। 
उत्तर 8. (c): यहाँ ‘मैं और मेरे भाइयों की’ के स्थान पर ‘मेरी और मेरे भाइयों की’ का प्रयोग उचित है। 
उत्तर 9. (e): ‘कोई त्रुटी नहीं’ 
उत्तर 10. (e): ‘कोई त्रुटी नहीं’
उत्तर 11. (c) : यहाँ ‘किन्तु तुम घर’ के स्थान पर ‘किन्तु आप घर’ का प्रयोग उचित है। 
उत्तर12. (b) : यहाँ ‘कि वह राज्यकीय कोष से’ के स्थान पर ‘कि वह राजकीय कोष से’ का प्रयोग उचित है। 
उत्तर 13. (c) : यहाँ ‘उसकी लम्बाई, चौड़ाई और मोटाई का’ के स्थान पर ‘उसकी लम्बाई, चौड़ाई और मोटाई को’ का प्रयोग उचित है।                                                                       
उत्तर 14. (b) : यहाँ ‘चलती-चलती’ के स्थान पर ‘चलते-चलते’ का प्रयोग उचित है। 
उत्तर 15. (c) : यहाँ ‘अपने पुराने खाते का’ के स्थान पर ‘अपने खाते को’ का प्रयोग उचित है।                       
                   
                                 
   

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *